Jaipur Times
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
राष्ट्रीय

पंजाब में 6-8 जनवरी तक रोडवेज हड़ताल, बस सेवाएं ठप

द्वारा Jaipur Times
पंजाब में 6-8 जनवरी तक रोडवेज हड़ताल, बस सेवाएं ठप

चंडीगढ़। पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी और पनबस के कर्मचारियों ने 6 से 8 जनवरी तक राज्यभर में बसों का चक्का जाम करने की घोषणा की है। सोमवार से बस सेवाएं ठप रहेंगी, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।  

शनिवार को मोगा में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेकेदारी प्रणाली खत्म करने, नई बसों की खरीद और ट्रांसपोर्ट माफिया पर रोक लगाने जैसी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 1 जुलाई 2024 की बैठक में किए गए वादों को पूरा नहीं किया।  

हड़ताल के दौरान 7 जनवरी को सुबह 10 बजे चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में किसान जत्थेबंदियों का भी समर्थन रहेगा।  

यूनियन ने कहा कि जब तक सरकार कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं करती, उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस हड़ताल से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।