Jaipur Times
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
सवाई माधोपुर

सवाई माधोपुर में भगवान शीतलनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया

द्वारा Jaipur Times

सवाई माधोपुर: सकल दिगंबर जैन समाज ने शुक्रवार को 10वें तीर्थंकर भगवान शीतलनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मुनि नीरज सागर और मुनि निर्मद सागर के सान्निध्य में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया। अहिंसा सर्किल आलनपुर स्थित दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र चमत्कारजी में भक्तों ने भगवान शीतलनाथ की भक्ति में लीन होकर अशुभ कर्मों की निर्जरा और शुभ कर्मों के आस्रव के साथ जिनाभिषेक किया।

मुनि नीरज सागर ने इस अवसर पर कहा कि धर्म आत्मा की परिणति है और निस्वार्थ भाव से भक्ति करते हुए जीवन को मंगलमय बनाना चाहिए। मुनि निर्मद सागर ने धर्म रूपी नाव के सहारे जीवन के नैया पार लगाने का संदेश दिया और भगवान शीतलनाथ के जीवन चरित्र को आत्मसात करने पर जोर दिया।

समाज के प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि भगवान शीतलनाथ की अष्ट द्रव्यों से पूजा की गई और मोक्ष कल्याणक का अर्घ्य अर्पण किया गया। इस दौरान जिनालय भगवान शीतलनाथ के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति और प्राणी मात्र के प्रति करुणा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मनिष्ठ महिला-पुरुष उपस्थित रहे और विश्व शांति की कामना करते हुए शांतिधारा प्रवाहित की।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।