Jaipur Times
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
जयपुर

मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष ने किया 'नेवा सेवा केंद्र' का शुभारंभ

द्वारा Jaipur Times
मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष ने किया 'नेवा सेवा केंद्र' का शुभारंभ

जयपुर, 03 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को राजस्थान विधानसभा में 'नेवा सेवा केंद्र' का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष श्री टीकाराम जूली, राज्यसभा सांसद श्री मदन राठौड़ और विधायकगण उपस्थित रहे।

श्री देवनानी ने बताया कि यह केंद्र नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन (NEVA) के अंतर्गत कार्य करेगा, जिससे विधानसभा को पेपरलेस बनाने के लिए विधायकों को प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता मिलेगी। यह ई-लर्निंग व ई-फैसिलेशन सेंटर के रूप में विधायकों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उपयोगी होगा।

उन्होंने कहा कि 'वन नेशन-वन एप्लिकेशन' के तहत राजस्थान विधानसभा अब लोकसभा और अन्य विधानसभाओं की तर्ज पर डिजिटल हो गई है। इस एप्लिकेशन से विधायकों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को विधानसभा से संबंधित विधेयक, रिपोर्ट, प्रश्न, बुलेटिन और कार्यवाही की जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध होगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि यह परियोजना केंद्र व राज्य सरकार की 60:40 की वित्तीय साझेदारी से पूरी हुई है। इसके तहत प्रत्येक विधायक की सीट पर आईपैड लगाया गया है और उन्हें लैपटॉप व प्रिंटर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री भारत भूषण शर्मा, नोडल अधिकारी श्री नरेश जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।